गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक पति ने घर में सो रही अपनी 45 वर्षीय पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। महिला के सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के दौरान घर में मौजूद बेटे-बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

घर में सो रही थी महिला, रात 11 बजे पति ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतका नूरी बाई (45) पत्नी शेकू भिलाला निवासी ग्राम पिपरिया बुधवार 19 नवंबर की रात रोजाना की तरह अपने घर में सो रही थी। रात करीब 11 बजे उसके पति ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में नूरी बाई गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जागे अन्य लोग 

घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। अचानक हुई वारदात और बच्चों की चीख-पुकार से घर में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सुबह 4 बजे पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही म्याना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने गुरुवार 20 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे आरोपी पति शेकू भिलाला को हिरासत में ले लिया। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुना जिला अस्पताल भेजा गया।

तीन बेटियां और दो बेटों की मां थी नूरी बाई

नूरी बाई के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें से तीन बच्चों की शादी हो चुकी है। मां की हत्या की खबर से परिवार में मातम छा गया। जिला अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पत्नी की हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल आरोपी पति ने किस वजह से पत्नी की हत्या की, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात से जुड़े घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।