चलती ट्रेन में लाखों के जेवर उड़ाने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, म्याना स्टेशन के पास जमीन में गाड़े थे आभूषण
गुना। बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में मुंगावली के एक परिवार से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गुना जीआरपी ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एटा और हाथरस निवासी 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 15 लाख रुपये के जेवरात म्याना रेलवे स्टेशन के आउटर के पास जमीन से बरामद किए गए हैं। शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
यह वारदात 13 जून को हुई थी। मुंगावली के ग्राम नरखेड़ा निवासी आविद खान अपनी बेटी की शादी के लिए लगभग 290 ग्राम सोना और सवा किलो चांदी के जेवरात लेकर परिवार के साथ बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान गिरोह के सदस्य भी मुंगावली स्टेशन से उसी डिब्बे में सवार हुए। आरोपियों ने मदद के बहाने पीड़ित का ट्रॉली बैग ऊपर रखवाया और मौका मिलते ही बैग की चेन काटकर उसमें रखे जेवर चोरी कर लिए। इसके बाद सभी आरोपी शाढ़ौरा रेलवे स्टेशन पर उतरकर फरार हो गए। मामले की शिकायत 14 जून को जीआरपी में दर्ज कराई गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल आईजी, एसपी रेल इंदौर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जीआरपी और साइबर सेल ने गुना, अशोकनगर, शाढ़ौरा, बीना, शिवपुरी और ग्वालियर सहित कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही विभिन्न होटल और लॉज की भी जांच की गई। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस ने सबसे पहले एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने चोरी किए गए जेवर म्याना रेलवे स्टेशन के आउटर के पास जमीन में गाड़ दिए थे। करीब एक महीने बाद जब आरोपी जेवर निकालने लौटे, तब पहले से घात लगाए बैठी एसआईटी ने सातों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, मथुरा सहित कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इसी तरह की एक अन्य चोरी की वारदात को भी स्वीकार किया है। फिलहाल बरामद नहीं हुए आभूषणों की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है।
Continue With Google
Comments (0)