गुना जिले के कुंभराज तहसील के मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम झींकनी में  एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक परिवार के घर के पीछे स्थित कुएं में अज्ञात व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया गया है।

घटना 19 जुलाई करीब 8 बजे की है बताया जा रहा है कि जैसे ही परिवार के लोगों ने कुएं का पानी पिया, उन्हें उल्टियां होने लगीं और तबीयत बिगड़ गई। इस घटना में 2 बच्चों सहित 5 लोग बीमार हो गए, जिन्हें तत्काल कुंभराज अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का कहना है कि कुएं के पानी से कीटनाशक जैसी तेज बदबू आ रही थी।घटना की सूचना मिलते ही मृगवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 

थाना प्रभारी संदीप यादव  के अनुसार, पीएचई विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पानी के सैंपल लिए हैं और एहतियात के तौर पर कुएं का पानी खाली कराया गया है। सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि पानी पीने वाले सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पानी में कौन-सा पदार्थ मिला था और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।