गुना | 11 जुलाई 2026

गुना जिले में फोटोग्राफी व्यवसाय से जुड़े कई दुकानदारों और फोटोग्राफरों के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि म्याना क्षेत्र के एक फोटोग्राफर ने किराए पर कैमरे लेने के बाद उन्हें वापस नहीं किया और कई दिनों से लापता है। पीड़ितों का दावा है कि इस मामले में लाखों रुपये के कैमरे गायब हैं।

पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में गुना और आसपास के कई दुकानदारों से कैमरे किराए पर लिए थे। शुरुआत में उसने सामान्य तरीके से लेन-देन किया, लेकिन बाद में लगातार कैमरे लेते जाने के बाद संपर्क तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 कैमरे उसके पास थे, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये है।

फोटोग्राफरों का कहना है कि पिछले 5 से 6 दिनों से आरोपी का मोबाइल फोन बंद आ रहा है और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। इस बीच अन्य लोगों के भी सामने आने से मामले का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि और भी लोग इस कथित धोखाधड़ी के शिकार हो सकते हैं।

कैमरे नहीं मिलने से कई फोटोग्राफरों का काम प्रभावित हो गया है। उनका कहना है कि शादी, कार्यक्रम और अन्य शूटिंग के ऑर्डर पूरे करने में दिक्कत आ रही है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मामले को लेकर गुना शहर और आसपास के कई फोटोग्राफर एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी हितिका वासल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, कैमरों की बरामदगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।

शिकायत देने वालों में अरुण गोस्वामी, अशोक कोरी, मनोज कुमार मोहनी, इंद्रसिंह मोहनी, हरिओम जाटव, मोहित ओझा सहित अन्य फोटोग्राफी व्यवसायी शामिल रहे।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।