गुना शहर की श्रीराम कॉलोनी में 45 वर्षीय लखन ओझा की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि देर रात 6 से 7 लोग घर पहुंचे, गेट खुलवाया और लात-घूंसों के साथ लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर हालत में लखन ओझा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार का कहना है कि चार-पांच दिन पहले पड़ोसियों से मामूली विवाद हुआ था और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक इंदौर में फर्नीचर का काम करता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टियों में अपने घर गुना आया था।

वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के मुताबिक, परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन मृतक के शरीर पर बाहरी गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में गाली-गलौज के बाद मारपीट की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को राउंडअप कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।