गुना :सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवाड़ा में एक नाबालिग लड़की के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। 25 अप्रैल को घर से निकली बुआ और भतीजी अचानक गायब हो गई थीं। बाद मे बुआ का पता तो चल गया, लेकिन 17 वर्षीय किशोरी अब भी लापता है। मामले को लेकर परिवार में चिंता और गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार 19 वर्षीय युवती अपनी नाबालिग भतीजी के साथ घर से हाट-बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। मोबाइल बंद आने और कोई जानकारी न मिलने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा।
कुछ दिन बाद परिवार को जानकारी मिली कि बड़ी युवती यानि बुआ गुना जिले के एक गांव में मौजूद है। परिजनों का आरोप है कि जब उससे बातचीत की गई तो उसने बताया कि गांव का ही एक युवक नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गया है। इसके बाद परिवार ने सीधे अपहरण की आशंका जताई।
17 मई रविवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से बेटी को जल्द ढूंढने की मांग की। परिवार का कहना है कि नाबालिग के गायब होने से पूरा परिवार सदमे में है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
इधर, पुलिस ने सिरसी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पूछताछ की जा रही है।
हाट-बाजार गईं बुआ-भतीजी रहस्यमयी ढंग से लापता,
22 दिन बाद भी सुराग नहीं परिजनों ने एसपी से लगाई गुहार
Continue With Google
Comments (0)