गुना में पति ने पत्नी को जिंदा जलाया, भोपाल में इलाज के दौरान मौत
फोन पर बातचीत को लेकर हुआ विवाद, 4 अप्रैल की रात वारदात; 7 अप्रैल सुबह हमीदिया अस्पताल में तोड़ा दम
मध्य प्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित घोसीपुरा से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 4 अप्रैल 2026, शनिवार रात एक पति ने अपनी पत्नी पर डीजल डालकर उसे जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला की 7 अप्रैल मंगलवार भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के भैंसा गांव निवासी पवन रजक अपनी 32 वर्षीय पत्नी दीपा रजक के साथ घोसीपुरा में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय पवन किसी अन्य महिला से फोन पर बात कर रहा था, जिसका पत्नी ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पवन ने पहले दीपा के साथ मारपीट की और फिर घर में रखा डीजल उस पर उड़ेलकर आग लगा दी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। गंभीर हालत में दीपा को पहले गुना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे 90 प्रतिशत तक झुलसा हुआ बताया। हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया।
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान 7 अप्रैल की सुबह दीपा ने दम तोड़ दिया। घटना के समय दंपति के तीनों बच्चे गांव में थे।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोग मौके से फरार हो गए। फिलहाल कैंट पुलिस ने आरोपी पति पवन रजक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

0 Comments