Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Responsive Advertisement

गुना : डोंगर में परिवार को जहर देकर खत्म करने की साजिश? पानी और शक्कर में मिला संदिग्ध पदार्थ, महिला की हालत बिगड़ी

 गुना जिले के ग्राम डोंगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शादी समारोह से देर रात लौटे एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में घर के पानी और रसोई के सामान में जहरीला पदार्थ मिलाया गया। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।

FILE

क्या है पूरा मामला?

परिवार के मुखिया केदार सिंह धाकड़ के अनुसार, वे रुठियाई में आयोजित विवाह समारोह से 26 फरवरी रात करीब 1 बजे घर लौटे। थकान के कारण उनकी पत्नी ममता बाई ने सबसे पहले घर का पानी पिया। पानी पीते ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिजनों ने जब पानी और रसोई के सामान की जांच की तो उसमें से तेज गंध आने की बात कही गई, जिसे वे सल्फास जैसी बता रहे हैं। तुरंत ममता बाई को गुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

तीन कमरों के बर्तनों में भी संदिग्ध पदार्थ?

पीड़ित परिवार का दावा है कि केवल एक मटके में नहीं, बल्कि घर के तीनों भाइयों के कमरों में रखे पानी के बर्तनों में भी छेड़छाड़ की गई। रसोई में रखी शक्कर में भी संदिग्ध कण मिलने की बात कही गई है। परिवार का कहना है कि यदि अन्य सदस्यों ने भी पानी पी लिया होता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप

केदार सिंह पानी का नमूना  ले लिया है और आशंका जताई है कि पानी में सल्फास की गोलियां घोली गईं। उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो बेटों पर संदेह व्यक्त किया है।

परिवार का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर विजयपुर थाने पहुंचे, तो पुलिस का रवैया अपेक्षित सहयोगात्मक नहीं रहा। उनका कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बजाय उनसे ही सवाल-जवाब किए गए।

अब पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाने की तैयारी में है।


नोट: मामले की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पानी व खाद्य सामग्री में वास्तव में कोई जहरीला पदार्थ मिलाया गया था या नहीं। पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

Post a Comment

0 Comments