गुना | 25 अप्रैल 2026
मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। इस मामले में परिजनों के आरोपों के बाद अब पुलिस ने भी गैंगरेप की पुष्टि कर दी है।
परिजनों के अनुसार, 25 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे गांव का ही युवक रामू युवती को यह कहकर अपने साथ ले गया कि उसकी मां बुला रही है। युवती को गांव ले जाने के बजाय आरोपी उसे सुनसान इलाके और जंगल की ओर ले गया, जहां उसके दो अन्य साथी—विजय और अभिषेक—पहले से मौजूद थे। यहां तीनों ने मिलकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी उसे अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गए।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता ग्राम सोनखरा की निवासी है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। महिला उपनिरीक्षक द्वारा उसके बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें उसने तीन युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को घटना स्थल का सटीक स्थान याद नहीं है, लेकिन उसने बताया कि एक युवक उसे बाइक से शिवपुरी रोड की ओर ले गया था, जहां दो अन्य युवक मिले और वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि घटना के बाद युवती ने अपने भाई से संपर्क किया, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान युवती ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन भी कर लिया था, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
मामले में जीरो पर देहाती नालसी के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसे आगे संबंधित थाने में विधिवत पंजीबद्ध किया जाएगा। पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
(अपडेट जारी...
0 Comments