पुलिस-जन संवाद से सुलझा ग्राम डोंगर का संवेदनशील विवाद, पुलिस अधीक्षक की जनभागीदारी पहल लाई सकारात्मक परिणाम
गुना।
जिले में अपराध नियंत्रण और समाज में सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के निर्देश पर पुलिस द्वारा जनता के बीच जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 29 मई 2025 को विजयपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार ने ग्राम डोंगर और बेलका में पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
ग्राम डोंगर में संवेदनशील विवाद को सुलझाया गया आपसी सहमति से
जनसंवाद के दौरान ग्राम डोंगर में एक पुराने विवाद का समाधान सामूहिक सहमति से किया गया। यह मामला 20 मई 2025 को हुए एक दुर्घटना से जुड़ा था, जिसमें जमीन की नपती से लौटते समय सरवन धाकड़ की मोटरसाइकिल दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद गांव में हुई पंच बैठक में मनोज धाकड़ के भाई विजय सिंह द्वारा मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये राहत राशि देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया जिससे विवाद गहरा गया।
थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को बुलाकर शांतिपूर्ण संवाद के ज़रिए समझाइश दी। पुलिस की पहल पर विजय सिंह ने दो किश्तों में 50-50 हजार रुपये देने की सहमति दी, जिसमें से पहली किश्त तत्काल दी गई। इस समाधान से पीड़ित पक्ष ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती और जन-जागरूकता पर जोर
जनसंवाद में थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ कानून लागू करना नहीं बल्कि जनता की सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, सट्टा, नशा आदि पर सख्त कार्यवाही का भरोसा दिलाया गया। साथ ही, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, यातायात नियमों का पालन और साइबर सुरक्षा की जानकारी साझा की गई।
जनता ने की गुना पुलिस की पहल की सराहना
ग्रामवासियों ने इस संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का गांव में आकर संवाद करना एक सराहनीय प्रयास है, जिससे लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
नोट:
पुलिस-जन संवाद जैसे कार्यक्रम न केवल कानून व्यवस्था सुधारते हैं, बल्कि सामाजिक एकता को भी बढ़ावा देते हैं। ऐसे प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच की दूरी घटती है और अपराध नियंत्रण में नई ऊर्जा मिलती है।
📲 #CityNewsGunaMP | @CityNewsGunaMP | फॉलो करें ऐसे ही अपडेट्स के लिए
0 Comments