गुना। बेटी को मायके से विदा कर घर लौट रही एक मां की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रूठियाई चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित रूठियाई पुल के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने 50 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें उपचार के लिए गुना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
एकादशी पर मायके आई थी बेटी, बस में बैठाकर लौट रही थीं मां
मृतका की पहचान नरौनी निवासी शांति बाई केवट (50) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, एकादशी यानी ग्यारस के अवसर पर उनकी बेटी मायके आई हुई थी। रविवार 22 नवंबर को बेटी को वापस ससुराल जाना था। शाम करीब 4 बजे शांति बाई अपनी बेटी को बस में बैठाने के लिए पहुंचीं और उसे कुंभराज की ओर जाने वाली बस में रवाना किया।
रूठियाई पुल के पास तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर
बेटी को बस में बैठाने के बाद शांति बाई पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान रूठियाई पुल के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद घायल शांति बाई को तत्काल गुना के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते रविवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार 23 नवंबर को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बाइक जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, मौके से फरार हुए बाइक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Continue With Google
Comments (0)