गुना। जिला अस्पताल परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के मुख्य गेट के पास एक कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अस्पताल परिसर की रेलिंग तोड़ते हुए उसके बीच जाकर फंस गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्य गेट के पास खड़े लोगों को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार तेज गति से अस्पताल परिसर में पहुंची और मुख्य गेट के पास खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार रेलिंग तोड़ते हुए उसके बीच जाकर फंस गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए पहुंचाया।
गर्भवती महिला समेत 6 लोग घायल, उपचार जारी
इस दुर्घटना में कुल 6 लोग घायल होने की जानकारी सामने आई है । इनमें एक गर्भवती महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम महिला की विशेष निगरानी कर रही है। अन्य घायलों का भी जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
मेडिकल अधिकारी की बताई जा रही दुर्घटनाग्रस्त कार
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार जिला अस्पताल में पदस्थ मेडिकल अधिकारी की बताई जा रहीहै। हालांकि, वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
कार बैक करते समय हुआ हादसा, बैठे लोगों को लिया चपेट में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि चिकित्सक डॉ. सुभाष सोनकर अपनी कार पीछे कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कार पर उनका नियंत्रण नहीं रहा और वहां बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए। कार की टक्कर से मौके पर मौजूद पांच लोग घायल हो गए।
महिला कार के नीचे फंसी, लोगों ने हाथों से उठाकर निकाला
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सबसे गंभीर स्थिति उस समय बन गई, जब एक महिला कार के नीचे फंस गई। उसे बाहर निकालने के लिए आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने मिलकर कार को हाथों से उठाया। बताया गया कि कार का हैंडब्रेक लगाए जाने के बाद महिला को बाहर निकाला जा सका।
गर्भवती महिला का परीक्षण, प्रारंभिक जांच में गर्भस्थ शिशु सुरक्षित
हादसे में घायल गर्भवती महिला को तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में लिया गया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में गर्भस्थ शिशु सुरक्षित बताया गया है। हालांकि, महिला की स्थिति को देखते हुए आगे भी निगरानी जरूरी है। हादसे में घायल अन्य लोगों का भी उपचार जारी है।
चिकित्सक को चक्कर आने से कार अनियंत्रित होने की बात
अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि चिकित्सक डॉ. सुभाष सोनकर पहले से बीमार थे और उन्हें चक्कर आ गए थे। इसी वजह से कार पर उनका नियंत्रण नहीं रहा और दुर्घटना हो गई। चिकित्सक दिव्यांग भी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल परिसर में ही सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने जिला अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और उनके परिजन आते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी और गति पर नियंत्रण जरूरी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल परिसर में कार लोगों को टक्कर मारते हुए रेलिंग तक कैसे पहुंच गई? वाहन कौन चला रहा था और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी? इन सवालों के जवाब पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
Continue With Google
Comments (0)