गुना। घर में पलने वाला कोई पालतू जानवर जब परिवार का हिस्सा बन जाता है, तो उससे बिछड़ने का दर्द भी किसी अपने से बिछड़ने जैसा होता है। गुना में एक ऐसी ही भावुक कहानी सामने आई है। यहां तीन महीने की फीमेल जर्मन शेफर्ड के लापता होने के बाद उसका मालिक सोनू जाटव उसे तलाशने के लिए लगातार भटक रहा है। सोनू का कहना है कि वह उसके लिए सिर्फ एक डॉग नहीं, बल्कि उसकी बेटी जैसी है। अब उन्होंने अपनी लाडली को वापस पाने के लिए 7,100 रुपए का इनाम घोषित किया है और शहरवासियों से मदद की अपील की है।

ढाई महीने से परिवार के साथ थी, अचानक हो गई लापता

भुल्लनपुरा बायपास रोड स्थित विद्याथी नगर के सामने रहने वाले सोनू जाटव के मुताबिक, उनकी करीब तीन से साढ़े तीन महीने की फीमेल जर्मन शेफर्ड 22 नवंबर की सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच अचानक लापता हो गई। डॉग पिछले करीब ढाई महीने से उनके घर में रह रही थी। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों को उससे लगाव हो गया था।

'मेरे लिए वह डॉग नहीं, मेरी बेटी है'

सोनू बताते हैं कि डॉग के साथ उनका बेहद गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उसके गायब होने के बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है। आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई और कई स्थानों के CCTV कैमरे भी चेक किए गए, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

सोनू का कहना है कि घर में उसकी मौजूदगी से परिवार का हर सदस्य जुड़ा हुआ था। उसके अचानक चले जाने से घर में एक खालीपन महसूस हो रहा है।

चोरी की आशंका, कोतवाली पुलिस को दिया आवेदन

लगातार तलाश के बावजूद डॉग का पता नहीं चलने पर सोनू जाटव ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने डॉग को चोरी किए जाने की आशंका जताते हुए भुलनपुरा और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांचने की मांग की है, ताकि उसके लापता होने की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

अपनी लाडली को पाने के लिए ₹7,100 का इनाम घोषित

सोनू ने अपनी जर्मन शेफर्ड को वापस पाने के लिए 7,100 रुपए का इनाम घोषित किया है। उनका कहना है कि डॉग किसी के पास भी हो या किसी को उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो वह बिना किसी डर के संपर्क कर सकता है। उन्हें किसी से कोई सवाल-जवाब नहीं करना, उनकी बस एक ही इच्छा है कि उनकी डॉग सुरक्षित वापस मिल जाए।

शहरवासियों से हाथ जोड़कर अपील

सोनू ने गुना के लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को भी उनकी फीमेल जर्मन शेफर्ड दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें।

संपर्क: 8269226130