भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हार के डर से अपने प्रत्याशी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को सुनियोजित तरीके से छिपाने की कोशिश की, लेकिन पार्टी के भीतर की कलह ने ही पूरी सच्चाई उजागर कर दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा सीट पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दावेदारी कर रहे थे। टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं ने ही प्रत्याशी से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक कर दिया, जिससे कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति और कार्यप्रणाली जनता के सामने आ गई।
डॉ. यादव ने कांग्रेस पर केवल सत्ता और स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने वर्षों तक समाज को बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने “गरीबी हटाओ” का नारा दिया था, लेकिन गरीबी नहीं हटी, बल्कि जनता ने कांग्रेस को ही सत्ता से हटा दिया।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश-दुनिया से श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रामराज्य की अवधारणा पर काम कर रही है, जहां गरीबों का कल्याण, बेटियों की सुरक्षा और सनातन संस्कृति का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि मोदी देश सेवा के लिए समर्पित हैं। उनके नेतृत्व में करोड़ों लोगों को आवास मिले हैं और 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार की नीतियों से करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद उच्च सदन में एनडीए की ताकत और बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
Continue With Google
Comments (0)